ग्वालियर। बहोडापुर थाना क्षेत्र में लगभग आठ लाख रुपए की कीमत का प्रतिबंधित घी जब्त किया गया है। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर सोमवार को जिला प्रशासन की टीम ने सुदर्शन पेट्रोल पम्प के पास सुनसान इलाके में बने गोदाम पर छापेमार कार्रवाई कर इस गोदाम में प्रतिबंधित ब्राण्ड का घी भरा मिला। उक्त घी पर पैकिंग की तारीख मई 2008 डली हुई है और तभी से यह घी यहां रखा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार गोदाम में रखा यह घी मनोज अग्रवाल व रामनाथ अग्रवाल का है और प्रशासन द्वारा इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने गोदाम को सील कर दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बहोडापुर इलाके में बने एक गोदाम में नकली घी भरा हुआ है। इस सूचना के आधार पर आज जिला प्रशासन की टीम ने इस गोदाम पर छापेमार कार्रवाई की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जब गोदाम में ताले खोले तो अंदर भारी तादाद में सारथी, मिलकाना और पनघट घी के कार्टून रखे हुए थे। अधिकारियों ने घी को जब्त करते हुए गोदाम को सील कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार घी पूरी तरह सड चुका है और उसमें बदबू आ रही है। वैसे तो यह किसी काम का नहीं है, लेकिन फिर भी इस घी का सैम्पल लिया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान एसएलआर अनिल बनवारिया एवं फूड इस्ंपेक्टर राजेश गुप्ता सहित बहोडापुर पुलिस थाने का बल उपस्थित था। |