भोपाल। नगर निगम के एक निलंबित कर्मचारी (कर्मचारी नेता) के दफ्तर पर सोमवार को निगम अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ दबिश दी तो वहां से कंडोम, अश्लील साहित्य और ताश के पत्ते बरामद हुए। पंचनामा बनाकर सारा सामान पुलिस ने जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ तलैया थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
नगर निगम के अपर आयुक्त अभय अरविंद बेडेकर के नेतृत्व में सोमवार को दोपहर सदर मंजिल से हमीदिया अस्पताल रोड पर स्थित निगम के स्वामित्व वाले अन्नपूर्णा भवन के पीछे वाले भाग के प्रथम तल पर निगम के जलकार्य विभाग के टेप असेसर शहीर अहमद द्वारा अवैधानिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना प्राप्त होने पर यह कार्रवाई की गई।
निगम प्रशासन की अधिकृत विज्ञप्ति के अनुसार अपर आयुक्त बेडेकर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फतेहगढ स्थित अन्नपूर्णा भवन के पीछे वाले शहीर अहमद के दफ्तर के कमरों को खाली कराया गया। तब वहां से अश्लील साहित्य, कंडोम, ताश के पत्ते, कार्ड रीडर व 835 रुपए नगद मिले। इसके अलावा कुछ अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिलीं। इन सबका पंचनामा बनाकर सभी चीजें पुलिस के सुपुर्द की गईं। आरोपी शहीर अहमद के खिलाफ भादंवि की धारा 292, 448 के तहत एफआईआर तलैया थाने में दर्ज कराई गई।
निगम के अपर आयुक्त बेडेकर के साथ राजस्व अधिकारी प्रदीप वर्मा, तलैया थाने के टीआई बेग पुलिस बल के साथ पहुंचे थे। निगम अधिकारियों ने आरोपी शहीर अहमद के इस दफ्तर के कमरों से एक ट्रक सामग्री जब्त की जिसमें भारी संख्या में कुर्सी-टेबल, पलंग, आलमारी, कूलर व अन्य वस्तुएं भी जब्त कीं। इन्हें निगम के भंडारगृह में जमा करवाया गया। खाली कमरों में निगम अधिकारियों ने ताले डलवा दिए। उन्हें निगम प्रशासन के आधिपत्य में ले लिया गया है।
उल्लेखनीय है नगर निगम ने जलप्रदाय व्यवस्था से संबद्ध 25 दिवसीय अस्थाई श्रमिकों की सक्षम स्वीकृति को फर्जी तरीके से साजिश करके 89 दिवस के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों में परिवर्तित करने तथा निगम कोष से राशि का भुगतान कराकर निगम को करीब दस लाख रुपए की हानि पहुंचाने पर आयुक्त मनीष सिंह ने आरोपी शहीर अहमद को पिछले सप्ताह निलंबित कर दिया था। उनके साथ वार्ड 21 में पदस्थ क्लर्क अमित तिवारी को भी निलंबित किया गया था। तब उस मामले में टीटी नगर थाने में शहीर, अमित और अशोक दीवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। |