नई दिल्ली। स्पने के हाथों हॉकी विश्व कप 2010 की पहली शिकस्त झेलने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बैरी मिडल्टन ने स्वीकार किया कि उनकी टीम पिछले मैचों जितनी ऊर्जा के साथ नहीं खेल पाई। उन्होंने हालांकि साथ ही कहा कि स्पेन की टीम ने दमदार खेल दिखाया। अपने पहले चार मैचों में आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान और भारत को हराने वाले इंग्लैंड को सोमवार को स्पेन के हाथों 2-0 की शिकस्त का सामना करना पडा। मिडल्टन ने मैच के बाद कहा कि हम इस हार से निराश हैं। हम पिछले मैचों की ऊर्जा को आज मैदान पर नहीं दिखा पाए। स्पेन की टीम ने बेहतर खेल दिखाया।और वे जीत के हकदार थे।
उन्होंने कहा कि हम अपने पिछले स्तर को बरकरार नहीं रख पाए लेकिन आगामी मैचों में हमें अपने बेसिक्स पर ध्यान देना होगा और इसे मजबूत करना होगा। इंग्लैंड के कोच जेसन ली हार के लिए पेनल्टी कार्नर को भुनाने में विफल रहने को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि स्पेन ने बेहतर खेल दिखाया लेकिन हम पेनल्टी कार्नर का फायदा उठाने में नाकाम रहे। सेमीफाइनल में अब कडा मुकाबला होगा दूसरी तरफ स्पेन के कप्तान पाल अमाट ने कहा कि उनकी टीम इस मैच में विशेष रणनीति के साथ उतरी थी जो कारगर रही। उन्होंने कहा कि हम इस मैच में विशेष रणनीति के साथ उतरे थे। हमने इस मैच के लिए काफी कडी मेहनत की थी और हमारी जीत में मानसिक दृढता ने अहम भूमिका निभाई। |