नई दिल्ली। नौ भारतीय मुक्केबाजों ने ईरान में चल रही एशियाई युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप में अपने देश का दबदबा कायम रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ आईबीएफ ने यहां एक बयान में कहा कि क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शिव थापा 54 किलोग्राम वर्ग को छोडकर सभी मुक्केबाजों ने जीत दर्ज की। शिव को स्थानीय प्रतिद्वंद्वी एहसान सिपाहवंद ने 6-0 से शिकस्त दी। सेामवार को खेले गए मुकाबलों में 56 किलोग्राम भार वर्ग में वेंकट गिरी नागार्जुन ने आफशिन अलबदानी को 2-1 से हराया वहीं 64 किलोग्राम वर्ग में हरपाल सिह ने चीन के झेमिन वू को 7-2 से तथा सुमित सांगवान ने उज्बेकिस्तान के हसनोव मिरजोबेक को 8-0 से करारी मात दी। वहीं कल देवेंद्र सिह 48 किलोग्राम, श्रीनिवास सुरबती 51 किलोग्राम और विकास किसन 60 किलोग्राम ने अपने मुकाबले जीते। नवीन कुमार पहले ही 81 किलो ग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। 91 किलोग्राम भार वर्ग में मनोज कुमार और इससे अधिक के भार वर्ग में रजत कालीरमण को बाइ मिला और दोनों ने सीधे अंतिम चार में प्रवेश कर लिया।
|