नई दिल्ली। डेविस कप मुकाबले में मिली पराजय के बावजूद भारतीय टेनिस स्टार सोमदेव देवबर्मन ने एटीपी रैंकिंग में सात पायदान की छलांग लगाकर 121वें स्थान पर कब्जा कर लिया जबकि सानिया मिर्जा एक पायदान नीचे आ गई है। सानिया सोमवार को जारी डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 84वें स्थान पर खिसक गई है। पिछली रैंकिंग में वह 83वें स्थान पर थी। भारत की पूजाश्री वेंकटेश 347वें स्थान पर हैं। युगल वर्ग में लिएंडर पेस छठे और महेश भूपति आठवें स्थान पर बने हुए हैं। एटीपी और डब्ल्यूटीए रैंकिंग में पहले तीन स्थानों पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। पुरूष वर्ग में रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविच और रफेल नडाल पहले तीन स्थान पर है जबकि महिला वर्ग में सेरेना विलियम्स, दिनारा साफिना और स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा शीर्ष तीन पायदान पर हैं।
न्यूजीलैंड की डेविस कप मुकाबले पाक से हटाने की पेशकश
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड आतंकवादी खतरे को देखते हुए डेविस कप में पाकिस्तान के साथ होने वाले उसके मैच को दक्षिण एशिया क्षेत्र से हटा कर कहीं अन्यत्र करवाना चाहता है। न्यूजीलैंड ने एशिया ओसियाना क्षेत्र ग्रुप दो का अपना मुकाबला पिछले सप्ताहांत कोलंबो म श्रीलंका को 3-2 से हरा कर जीत लिया था। न्यूजीलैंड को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अब पाकिस्तान से उसकी धरती पर ही सेमीफाइनल में जुलाई में खेलना है। न्यूजीलैंड के टेनिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां कहा कि सुरक्षा की चिंता की चलते टेनिस न्यूजीलैंड चाहता है कि यह मुकाबला न्यूजीलैंड या अन्य किसी तटस्थ स्थान पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले दिसंबर में जब ड्रा निकाले गए थे उस समय ही अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ से इस बारे में बता दिया गया था और उन्होंने कहा था कि जब तक पाकिस्तान और न्यूजीलैंड पहला दौर पार नहीं कर लेते तब तक वे स्थिति की समीक्षा नहीं करेंगे। |