नई दिल्ली। विज्ञापन और दृश्य प्रचार निदेशालय डीएवीपी ने पाकिस्तान के पूर्व वायुसेना प्रमुख की तस्वीर वाले एक विवादित विज्ञापन से पल्ला झाडते हुए कहा है कि उसे यह विज्ञापन नियम के मुताबिक पांच दिन पहले न मिलकर प्रकाशन के केवल एक दिन पहले ही संबंधित मंत्रालय से मिला। आरटीआई द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में डीएवीपी ने कहा कि मंत्रालयों को विज्ञापन के प्रकाशित होने के पांच दिन पहले उसका डिजायन भेजना होता है ताकि किसी भी आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी दी जा सके। हालांकि यह विवादित विज्ञापन महिला और बाल विकास मंत्रालय ने डीएवीपी को राष्ट्रीय महिला बाल दिवस -24 जनवरी के एक दिन पहले शनिवार को प्राप्त हुआ। जवाब में निदेशालय ने कहा कि डिजाइन शनिवार छुट्टी के दिन दोपहर प्राप्त हुआ और इसे 24 जनवरी 2010 को प्रकाशित होना था। डिजाइन को विस्तारपूर्वक जांचने का समय नही था। महिला और बाल विकास मंत्रालय द्वारा जारी इस विज्ञापन से सरकारे को बेहद शर्मिंदगी उठानी पडी थी क्योंकि इसमें पाकिस्तान के पूर्व वायुसेना प्रमुख तनवीर अहमद की तस्वीर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ प्रकाशित हुई थी। |