नई दिल्ली। वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने अनिवार्य मतदान की वकालत करते हुए बताया है कि 70 करोड से अधिक की आबादी वाले कम से कम 25 देशों में संसदीय चुनाव में मतदान अनिवार्य करने की व्यवस्था है। आडवाणी ने अपने ब्लाग में देश के राजनीतिक विचारकों से अनिवार्य मतदान पर विचार करने का आग्रह करते हुए कहा है कि आस्ट्रेलिया, अर्जेन्टाइना, इटली, ब्राजील, मैक्सिको, तुर्की, थाईलैंड और सिंगापुर में संसदीय चुनावों में मतदान अनिवार्य है। आडवाणी का मानना है कि मतदान के प्रति लोगों में बढती उदासीनता की प्रवृत्ति को अनिवार्य मतदान का प्रावधान करके रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गुजरात ने अपने सभी स्थानीय निकायों के चुनाव में इसे लागू किया है। यह कानून राज्य विधानसभा ने पारित किया है और अभी इस पर अमल होना बाकी है। आडवाणी ने बताया कि दुनिया के कुछ महत्वपूर्ण लोकतंत्रों जैसे कनाडा, ब्रिटेन और फ्रांस में भी मतदान में धीरे धीरे लोगों की घटती रुचि पर चिंता व्यक्त की गई है और इससे निपटने के लिए अनिवार्य मतदान को एक समाधान मानने वालों की संख्या बढ रही है। उन्होंने कहा कि भारत में धन बल के बढते प्रभाव से निपटने के उपाय भी ब्रिटेन के चुनाव सुधारों में ढूंढे जा सकते हैं। |