लखनऊ । उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तौकीर रजा खान की गिरफ्तारी के बाद अलग-अलग इलाकों में विरोध-प्रदर्शनों और आगजनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। शहर में भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात कर दिया गया है।
तौकीर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान धार्मिक उन्माद भडकाने का आरोप है। बरेली के पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश जौली ने मंगलवार को वहां संवाददाताओं को बताया कि खान की गिरफ्तारी के बाद शहर की फिजा दोबारा बिगडने की आशंका के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर सतर्कता बढा दी है।
तौकीर के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक जौली ने बताया कि तनावग्रस्त इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। तौकीर के खिलाफ धार्मिक उन्माद भडकाने,भडकाऊ भाषण देने और आगजनी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक तौकीर की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार देर रात रात किसलापुर इलाके में उपद्रवियों ने कई दुकानों को आग लगाकर पुलिसकर्मियों से भिडने का प्रयास किया। इसके अलावा बारादरी और नई बस्ती इलाके में उपद्रवियों ने तोडफोड की।
दो मार्च को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान हुई सांप्रादायिक हिंसा के बाद शहर के चार थाना क्षेत्रों बारादरी, प्रेमनगर, किला और कोतवाली में कर्फयू लगा दिया गया था। जौली ने कहा बारादरी क्षेत्र में सुबह चार घंटे (6 से 10 बजे) छोडकर दिन के समय कर्फयू में ढील नहीं दी जाएगी। अन्य सभी प्रभावित इलाकों में केवल रात के समय कफ्र्यू जारी रहेगा। |