नई दिल्ली । रहने के लिए दिल्ली देश का सबसे अच्छा शहर है। सीआईआई की एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। सीआईआई ने कई मानकों के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की जिसमें रहन-सहन, सामाजिक सांस्कृतिक माहौल, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसपोर्ट, जॉब के अवसर आदि को शामिल किया गया। रहन-सहन के मामले में मुंबई, कोलकाता, चन्नई, बेंगलुरु आदि बडे शहरों को पछाड कर राजधानी दिल्ली देश की बेस्ट सिटी बनी। मेडिकल स्टैंडर्ड मामले में दिल्ली की रैंकिग में जरूर थोडी गिरावट आई है और यह 17वें पायदान पर है। इस सूची में गुडगांव नौंवे, नोएडा 27वें और फरीदाबाद को 32वें स्थान पर है। सीआईआई द्वारा तैयार किए इस इंडेक्स में 37 शहरों को सर्वे में शामिल किया गया। दिल्ली के बाद दूसरे नंबर पर मुंबई, तीसरे पर चेन्नई, चौथे पर बेंगलुरु और पांचवे पायदान पर कोलकाता है। हैदराबाद को छठा, अहमदाबाद को सातवां, पुणे को आठवां स्थान मिला है। चंडीगढ 14वें नंबर पर है। सूची के अंतिम पांच शहरों में लुधियाना (33वां), लखनऊ (34वां) पटना (35वां) विशाखापट्टनम (36वां) और जमशेदपुर (37वां) हैं। |