दीपिका पादुकोण का कहना है कि वो साईज जीरो में बिल्कुल भी यकीन नहीं करती हैं। वैसे उनका ये बयान अभिनेत्री करीना कपूर को नागवार गुजर सकता है, जो कि दुनिया में अपने साईज जीरो के लिए विख्यात हैं और बॉलीवुड पर राज कर रही हैं। दीपिका का मानना है कि भारतीय महिलाओं पर ये सूट नहीं करता है। दीपिका का कहना है कि भारतीय महिलाएं भरी-पूरी ही अच्छी लगती हैं और साथ ही यहां की जलवायु के अनुकूल भी यही है। साईज जीरो से उन्हें परेशानी से ज्यादा कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। जहां तक बात फिल्म इंडस्ट्री की है, तो यहां भी दीपिका साईज जीरो से कोई इत्तेफाक नहीं रखती हैं। उनका कहना है कि फिल्मों में पतला होना अभिनेत्रियों के लिए जरूरी नहीं है। ये बात मायने नहीं रखती है कि अभिनेत्री साईज जीरो है या नहीं, बल्कि मायने ये रखता है कि उसकी परफारमेंस कैसी है। इसके साथ ही दीपिका का ये भी कहना है कि फैशन के साथ कदम ताल करते वक्त ये भी ध्यान रखना चाहिए कि जो कुछ भी आप पहन रहे हैं, वो आप पर जंच रहा है या फिर नहीं। वैसे दीपिका को अपने फिगर के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें भगवान ने बेहद खूबसूरत बदन से नवाजा है। हाल ही में दीपिका लैक्मे फैशन वीक के दौरान डिजायनर शांतनु और निखिल के लिए रैंप पर नजर आईं। उन्होंने काली और पीले रंग की पोशाक पहन रखी थी और जब वो रैंप पर आईं, तो उन्हें देखने वाले देखते ही रह गए। |