|
भोपाल। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में बुधवार की सुबह एक छात्र की स्पोर्ट्स टीचर ने पिटाई लगा दी। छात्र का कसूर सिर्फ इतना था कि वह प्रार्थना सभा के लिए लगी लाइन में हाइट के अनुसार खडा नहीं हुआ था। पुलिस ने छात्र के अभिभावकों की शिकायत पर टीचर के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
रातीबड पुलिस के अनुसार एयरपोर्ट रोड के पास रहने वाले रघु पिता संदीप शर्म (17 ) डीपीएस में 12 वीं का छात्र है। उसके पिता शहडोल में डिप्टी कलेक्टर है। स्कूल में बुधवार की सुबह प्रार्थनासभा के दौरान छात्र रघु शर्मा लाइन में ऊंचाई के अनुसार खडा नहीं हुआ था। जिसके चलते स्पोर्ट्स टीचर पंकज ने रघु की पिटाई कर दी।
पिटाई से रघु के कान व होंठ से खून निकलने लगा। घटना के बाद रघु ने स्कूल प्राचार्य से मारपीट की शिकायत की , लेकिन उसे समझा बुझाकर भेज दिया गया। घर पहुंचने पर उसने परिजनों को घटना के बारे में सारी जानकारी दी। पुलिस ने छात्र रघु की रिपोर्ट पर आरोपी पंकज के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
इस संबंध में स्कूल के प्राचार्य से बात करने की कोशिश की गई पर बात नहीं हो सकी। इस बारे में सीबीएसई स्कूलों की निगरानी करने वाले सहोदय ग्रुप के अध्यक्ष अजय शर्मा से जब दूरभाष पर संफ करना चाहा तो उन्होंने मोबाइल नहीं उठाया। घटना से पालकों में खासा रोष है। पीडित पालकों का कहना है कि हम बच्चों को स्कूलों में पढने के लिए भेजते हैं , न कि उन्हें मार खाने के लिए। |