|
चेन्नई। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने आईपीएल में अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को आगाह करते हुए गुरुवार को यहां कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स इस साल खिताब जीतने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोडेगी। उन्होंने कहा कि हमारी बहुत अच्छी संभावना है और मैं खिताब जीतने के प्रति बहुत आशावादी हूं। पिछले दो आईपीएल में हम शीर्ष चार में थे। पहले साल मामूली अंतर से खिताब से चूक गए थे। इस बार हम शीर्ष स्थान हासिल करने की कोशिश करेंगे।
हेडन ने कहा कि क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप के बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता। इस संदर्भ में उन्होंने डेक्कन चार्जर्स का उदाहरण दिया जिसे पहले आईपीएल में सबसे मजबूत माना जा रहा था लेकिन वह अंतिम स्थान पर रहा था। उन्होंने कहा कि ट्वेंटी -20 क्रिकेट की इस प्रकृति से हम भी आर या पार की स्थिति में रहते हैं। संभावना बहुत अच्छी है। कल अभ्यास मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने तेजतर्रार 50 रन बनाए थे। विकेट में अच्छी उछाल थी। इस पूर्व आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने धोनी की नेतृत्वक्षमता की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवा और अच्छे कप्तान के नेतृत्व में हमारी टीम का माहौल बहुत अच्छा है। व्यक्तिगत रूप से उन्होंने काफी हासिल किया है और उनका कप्तानी का रिकॉर्ड बेजोड है।
वॉ ने क्लार्क को भविष्य का कप्तान बनने का समर्थन किया
सिडनी। आस्ट्रेलियाई महान बल्लेबाज स्टीव वॉ ने माइकल क्लार्क को भविष्य का टेस्ट टीम का कप्तान बनाए जाने का समर्थन किया है। आस्ट्रेलियाई टीम के उपकप्तान क्लार्क हाल ही में न्यूजीलैंड दौरा बीच में छोडकर मंगेतर लारा बिंजल से अपने रिश्ते सुधारने के लिए स्वदेश वापस लौट आए थे। अपनी कप्तानी में आस्ट्रेलिया को 57 में से 41 टेस्ट जिता चुके वॉ ने कहा कि क्लार्क के नेतृत्व क्षमता का आकलन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा, मैदान से बाहर के क्रियाकलापों से नहीं। वॉ ने कहा कि माइकल पहले भी कप्तानी का जिम्मा संभाल चुके हैं और मुझे नहीं लगता कि यह उन्हें भविष्य में कप्तानी करने से रोकेगा। |