|
उज्जैन। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अब क्रिकेट के नक्शे में एक विशाल क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा , जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच आयोजित हो सकेंगे। उज्जैन विकास प्राधिकरण ने स्टेडियम में निर्माण के लिये आठ एकड भूमि देने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण के संचालक मंडल की बुधवार को यहां हुई बैठक में जिलाधिकारी अजातशत्रु ने प्रस्ताव रखा था कि नानाखेडा स्थित राजमाता विजयाराजे सिधिया स्टेडियम के स्थान पर मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ एक विशाल स्टेडियम तथा खेल परिसर बनाना चाहता है।
इसके लिये उसे आठ एकड भूमि की आवश्यकता है। संचालक मंडल ने सर्वसम्मति से एसोसिएशन को जमीन देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनने के बाद खेलों के क्षेत्र में उज्जैन का नाम चमकने के साथ ही शहर के विकास में भी मदद मिलेगी। |