भोपाल । राष्ट्रमंडल खेल भले ही तमाम घोटालों में घिरा हो,लेकिन मध्यप्रदेश के लिए यह खेल इस बार यादगार बनने वाले हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार कोई प्रदेश का खिलाडी भाग लेने जा रहा है। राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रही एथलेटिक टीम में इस बार मुरैना के रहने वाले युवा एथलीट अंकित शर्मा का चयन किया गया है। मप्र एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एनएस परमार ने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार मध्यप्रदेश से कोई एथलीट शामिल हो रहा है।
नब्बे सदस्यी टीम की घोषणा मंगलवार को की गई है। अंकित लॉग जंपर हैं और राजधानी के साईं रीजनल सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके अलावा यहां प्रशिक्षण ले रहे संदीप बाथम का चयन एथलीट टीम में हुआ है। बाथम का चयन 5000मीटर दौड के लिए और अंकित शर्मा का चयन लंबी छलंगा प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। राष्ट्रमंडल खेलों के चयन के लिए एथलीटों के इस वर्ष अप्रैल से लेकर अगस्त के शुरू में पटियाला में हुई अंतरराज्यीय मीट को आधार बनाया गया।
देश के लिए पदक जीतना मेरी ख्वाहिश
भोपाल। अंतरराष्ट्रीय लांग जंपर अंकित शर्मा ने कहा कि देश के लिए पदक जीतना मेरी पहली ख्वाहिश है। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए एथलेटिक दल में शामिल किए जाने के बाद राजएक्सप्रेस को पटियाला से फोन पर बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि वे लांग जम्प स्पर्धा के लिए राष्ट्रमंडल खेल के लिए चुने जाएंगे।
यदि सब कुछ ठीक रहा और जंप अच्छी रही तो अंकित का पदक जीतना तय है। अंकित अभी मात्र 18 साल का है और सीनियरों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की कोशिश करेगा। अंकित देश के लिए भविष्य का पदक विजेता जंपर होगा।
सुरिंदर पॉल, अंकित के पूर्व कोच |