लंदन। स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण में मंगलवार को नया मोड आ गया जब पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान सलमान बट और दो अन्य आरोपी खिलाडियों मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर को टांटन में अभ्यास करने से रोक दिया गया।
तीनों खिलाडियों को लंदन लौटने को कहा गया है जहां स्काटलैंड यार्ड उनसे पूछताछ करेगी। सूत्रों के अनुसार टीम प्रबंधन ने लंबी बैठक के बाद यह फैसला लिया। सूत्रों ने बताया कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस बात के लिए भारी दबाव था कि इन खिलाडियों के खिलाफ कार्रवाई करके टी-20 और वनडे सीरीज में लोगों का विश्वास बहाल किया जाए। यह पता नहीं चल सका है कि स्काटलैंड यार्ड द्वारा इन खिलाडियों से पूछताछ कब की जाएगी। पाकिस्तान के कोच वकार युनूस,बल्लेबाजी कोच एजाज अहमद, सहायक मैनेजर शफकत राना और मैनेजर यावर सईद के बीच अभी बैठक चल रही है।
ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इन तीनों खिलाडियों को बर्खास्त करने का फैसला किया है। जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार पीसीबी ने फैसला ले लिया है जो गुरुवार से पहले लागू हो सकता है। इस बीच एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि स्काटलैंड यार्ड ने पिछले सप्ताह लंदन के मैरियोट होटल में बट के कमरे से 50000 पाउंड नकद बरामद किए हैं। |