भोपाल । राष्ट्रमंडल खेलों की क्वींस बेटन रिले15सितंबर को रतलाम से प्रदेश में प्रवेश कर रही है। ग्वालियर से यह उत्तरप्रदेश सीमा में प्रवेश करेगी। प्रदेश में क्वींस बेटन रिले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। क्वींस बेटन के स्वागत की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को पर्यटन, खेल और युवा मामलों के मंत्री तुकोजीराव पवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में चर्चा की गई।
क्वींस बेटन रिले के रतलाम में प्रवश के दौरान भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। रिले रतलाम से धार, इंदौर, देवास, सीहोर होते हुए 17 सिंतबर को भोपाल पहुंचेगी। यहां से राजगढ होते हुए ग्वालियर पहुंचेगी। ग्वालियर से उत्तरप्रदेश की सीमा में प्रवेश होगा। बेटन रिले के आगमन से लेकर पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे ह। पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में करीब 25 सदस्यीय टीम गठित की जा रही है, जिसमें डीएसपी, निरीक्षक, उप निरीक्षक से लेकर अन्य कर्मचारी रहेंगे। यह टीम पूरी यात्रा के दौरान क्वींस बेटन रिले के साथ रहेगी। इस दौरान इंदौर, भोपाल और ग्वालियर में जोरदार तरीके से बेटन रिले की अगवानी की जाएगी और भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन शहरों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षकों की रहेगी। यहां मंगलवार को खेल मंत्री श्री पवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा,सांस्कृतिक कार्यक्रम, मशाल जुलूस में गणमान्य नागरिकों के शामिल होने, उसके लेकर कितनी दूरी तक दौडना है, आदि बिन्दुओं पर चर्चा हुई। बैठक में संचालक खेल एवं युवा कल्याण, सचिव खेल एवं फायनेंस तथा आईजी कानून व्यवस्था उपस्थित थे।
|