‘3 इडियट्स’ और ‘रंग दे बसंती’ जैसी फिल्म से वाहवाही बटोर चुके बहुमुखी कलाकार शरमन जोशी मानते हैं कि उन्हें जो कुछ भी मिला है उसके लिए वह अपनी फिल्मों के डॉयरेक्टर्स व लेखकों के आभारी हैं। सूत्रों के अनुसार शरमन ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘मुझे यह योजना बनाने का विशेषाधिकार नहीं मिला कि मैं कौन सी फिल्म करूं।
वास्तव में लेखकों और निर्देशकों ने मेरे सामने जिन भूमिकाओं के प्रस्ताव रखे उनके लिए मैं उनका आभारी हूं, लेकिन यदि मैं निर्देशक बनता हूं तो मैं उस शैली की फिल्म चुनूंगा जिसमें मैं काम करना चाहता हूं।’ खबर यह भी है कि शरमन फ ारूक कबीर के निर्देशन में बन रही ‘अल्लाह के बंदे’ में एक अपराधी की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने इस विषय में कहा, ‘मैं सामान्यतौर पर अपनी सहजता और डॉयरेक्टर के दृष्टिकोण पर विश्वास करता हूं, इसलिए मैंने झुग्गियों में समय नहीं बिताया।’ गौरतलब है कि ‘अल्लाह के बंदे’ 22 अक्टूबर को प्रदर्शित होगी। नसीरूद्दीन शाह और अतुल कुलकर्णी ने भी इसमें अभिनय किया है। |