|
लंदन। पाकिस्तानी क्रिकेटरों के खिलाफ स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों से नाराज और ठगा हुआ सा महसूस कर रहे क्रिकेट प्रशंसक टिकटों की कीमत वापस करने की मांग कर रहे हैं , जबकि प्रायोजक के भी इस खेल में निवेश करने को लेकर विचार बदल रहे हैं।
पाकिस्तानी खिलाडियों के खिलाफ स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों के कारण प्रशंसकों ने टिकटों के पैसे वापस करने के लिए कहा है और सबसे अधिक प्रभावित यार्कशर है जहां इंग्लैंड और पाकिस्तान के खिलाफ 12 सितंबर को हेडिंग्ले में एकदिवसीय मैच खेला जाएगा। ‘द गार्डियन’ समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार विशेषकर यार्कशर में कडी प्रतिक्रिया हुई है जहां बडी संख्या में टिकटधारकों ने उनका पैसा लौटाने के लिए कहा है।
क्लब के अधिकारियों के अनुसार लोगों का कहना है कि वे सट्टबाजी के आरोपों से बहुत निराश हैं जो अब ड्रामा बन गया है। इसमें कहा गया है कि पांच मैच की सीरीज आयोजित करने वाले अन्य स्टेडियम भी इससे प्रभावित हैं। इससे कार्डिफ में होने वाले दो टी -20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की टिकट बिक्री पर भी प्रभाव पडा है।
स्वालेक स्टेडियम की क्षमता 16 हजार है लेकिन सात सितंबर को होने वाले मैच के छह हजार टिकटें अब तक बिकी हैं। इस बीच प्रायोजकों ने भी कहा है कि यदि आईसीसी ने इस मसले को सही तरह से नहीं निबटाया तो इसका असर इस खेल के राजस्व पर पडेगा। जेनरेट स्पोन्सरशिप के प्रबंध निदेशक रूपर्ट प्रैट ने कहा कि क्या इसका पाकिस्तान में पेप्सी पर असर पडेगा। शायद नहीं। लेकिन इसका असर उसके अमेरिका स्थित कारपोरेट मुख्यालय में महसूस किया जाएगा। |