|
न्यूयार्क। राजस्थान रायल्स ने उन रिपोर्टों को खारिज किया , जिसमें कहा जा रहा था कि निलंबित आईपीएल आयुक्त ललित मोदी ने अपने कप्तान और कोच शेन वार्न से खिलाडियों की दूसरी नीलामी में एंड्रयू फ्लिंटाफ के लिए बोली नहीं लगाने के लिए कहा था जिससे चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बोली फिक्स की जा सके। मोदी और बीसीसीआई के सचिव और चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन के बीच भेजे गए ईमेल की रिपोर्टों के अनुसार यह बोली फिक्स की थी, जिससे चेन्नई की टीम फ्लिंटाफ की बोली जीत सके और इसके लिए वार्न व उनकी टीम के बीच परदे के पीछे बातचीत की गई थी। लेकिन राजस्थान रायल्स ने इन खबरों को खारिज किया।
टीम ने एक बयान में कहा कि राजस्थान रायल्स का आईपीएल नीलामी में शिरकत करना हमेशा पारदर्शी रहा है। हमारी क्रिकेट प्रबंधन टीम नीलामी के खिलाडी चुनने और टीम की संरचना के लिए जिम्मेदार है और अपनी भूमिका को पूरा करने के लिए वे बाह्य ताकत से प्रभावित नहीं होते। टीम ने उन रिपोर्टों से भी इंकार किया कि मोदी ने वार्न को प्रभावित किया था और जोर देते हुए कहा कि अगर ऐसा सच है तो यह निलंबित आईपीएल आयुक्त के खुद के विचार हैं। बयान के मुताबिक कि हम एक बार फिर दोहराना चाहेंगे कि राजस्थान रायल्स टीम के किसी भी सदस्य जिसमें हमारे कप्तान श्ेान वार्न भी शामिल हैं, ने बोली की प्रक्रिया को प्रभावित करने के संबंध में बीते समय में किसी से भी बात नहीं की थी। |