जबलपुर । ऐक्सिस बैंक में हुए 50करोड के फर्जीवाडे में बैंक के ऑपरेशन हेड क्षितिज दुबे ने सिविल लाइन स्थित रिषी रीजेन्सी होटल की चौथी मंजिल खरीदने के लिए होटल मालिक एमएस गुजराल को 50 लाख रुपए एडवांस में दिए थे, यह राशि पुलिस ने होटल मालिक से बुधवार को बरामद कर ली है।
सीएसपी कोतवाली रामेश्वर यादव ने बताया कि 50 करोड रुपए के फर्जीवाडे में क्षितिज दुबे को लगभग एक करोड रुपए कमीशन मिला है। इस राशि से उसने सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक होटल मालिक से करीब एक करोड रुपए में सौदा किया, जिसका एडवांस 50 लाख होटल मालिक गुजराल को दिया। पूछताछ में इस बात का खुलासा होते ही पुलिस ने बुधवार को होटल में दबिश देकर गुजराल से 50 लाख रुपए बरामद कर लिये। पुलिस ने होटल मालिक एमएस गुजराल से वे दस्तावेज बरामद किए हैं, जिसमें क्षितिज दुबे और उसके बीच लिखा-पढी हुई थी।
रेस्टोरेंट बनाने की तैयारी थी
कमीशन की इस राशि से क्षितिज दुबे एक शानदार रेस्टोरेंट बनाने की तैयारी में था। खुलासे में एक बात और सामने आई है कि कमीशन के रुप में तो क्षितिज को महज एक करोड रुपए ही मिले हैं। इसके बाद भी उसने बैंक में ऐसी सेटिंग करके रखी थी कि 50 करोड रुपए की एफडी से कभी भी रुपया निकाल सकता था।
नेता ने बनाया था दबाव
होटल मालिक पर जैसे ही पुलिस ने शिकंजा कसा, तत्काल ही अधिकारियों के पास शहर के वरिष्ठ नेता का फोन पहुंच गया कि होटल मालिक पर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं होना चाहिए।
|