नई दिल्ली । भगवा आतंक पर बवाल के बाद भी गृहमंत्री पी चिदंबरम अपने स्टैंड पर कायम हैं। चिदंबरम को नहीं लगता कि आतंकवाद को भगवा रंग देकर उन्होंने कुछ गलत किया है। गृहमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल के ही मेरे कुछ सहयोगियों ने पहले भी इस शब्द का इस्तेमाल किया है और कोई भी इस पर पेटेंट का दावा नहीं कर सकता।
दिग्गी का एतराज
भगवा आतंकवाद पर दिग्विजय सिंह ने चिदंबरम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे आतंकवाद की व्याख्या करने के लिए जाति, रंग या धर्म के इस्तेमाल पर आपत्ति है। भगवा शब्द साहस का प्रतीक है और इसके धार्मिक संकेत होते हैं ।
मप्र पर टिप्पणी से इंकार
मध्य प्रदेश में विस्फोटक ले जा रहे ट्रकों के गायब होने पर चिदंबरम ने कहा कि इस संबंध में कोई अटकलबाजी नहीं करेंगे। जब तक मध्य प्रदेश जांच कर रिपोर्ट नहीं देता, इस विषय में कुछ कहना गलत होगा। उन्होंने बताया कि ऐसी सूचना है कि विस्फोटकों के मुख्य नियंत्रक ने कुछ लाइसेंस रद्द किए हैं।
|