न्यूयार्क। यूएस ओपन का दूसरा दिन रूसी टेनिस स्टार मारिया शारापोवा के नाम रहा। पहला सेट हारने के बाद शारापोवा ने दंग कर देने वाली वापसी की जोरदार सर्विस कर रही ऑस्ट्रेलिया की 60वीं वरीयता प्राप्त जारमिला ग्रोथ ने पहले सेट में पूर्व चैंपियन मारिया शारापोवा की हालत खस्ता कर दी। ग्रोथ ने पहला सेट ज्यादा लंबा नहीं खिंचने दिया और शारापोवा को 6-4 से हरा दिया। लगने लगा कि बीते कुछ सालों में कोई भी बडा टूर्नामेंट न जीत पाने वाली शारापोवा यूएस ओपन के पहले उलटफेर का शिकार बनते हुए बाहर हो जाएंगी, लेकिन 23 साल की शारापोवा ने सारे कयासों को धता साबित कर दिया। दूसरे सेट में वापसी करते हुए मारिया 6-3 से जीती। तीसरा सेट एकतरफा रहा, शारापोवा 6-1 से जीती और दूसरे दौर में पहुंच गईं।
शॉट्स परेशान करने वाले थे
मैच के बाद शारापोवा ने कहा कि शुरुआत में लय में आने में थोडी कठिनाई हुई। मुझे लगता है कि ग्रोथ ने जोरदार शुरुआत की और उनके कुछ शॉट्स परेशानी में डालने वाले थे। एक बार तो मुझे लगा कि मेरे बस का कुछ है ही नहीं। 2006 में यूएस ओपन जीत चुकीं शारापोवा ने खेल के दौरान 21 डबल फॉल्ट किए। इसकी वजह से भी ग्रोथ को फायदा हुआ। अगले दौर में शारापोवा का सामना चेक रिपब्लिक की इवेटा वेनसोवा से होगा।
वहीं मंगलवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में सर्बिया के नोवाक जोकोविच और सर्बिया की येलेना यांकोविच की जीत हुई, दोनों दिग्गज खिलाडियों को जीत के लिए बेतहाशा पसीना बहाना पडा। महिलाओं के मुकाबले में यांकोविच की हालत रोमानिया की 18 साल की सिमोना हालेप ने खस्ता कर दी। तीन सेट तक चले मुकाबले में यांकोविच को 6-4, 4-6, 7-5 से जीत मिली।
|