लंदन। इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 और वनडे मैचों के लिए अनुभवी बल्लेबाज केविन पीटरसन को टीम में शामिल नहीं किया है। इंग्लैंड ने पांच सितंबर से शुरूहो रहे टी-20 तथा दस सितंबर से होने वाले पांच वनडे मैचों के लिए मंगलवार को टीम की घोषणा कर दी जिसमें पीटरसन को जगह नहीं दी गई है। यह पहली बार है कि पीटरसन टीम से बाहर हुए हैं। राष्ट्रीय चयनकर्ता ज्यौफ मिलर ने कहा कि आगे हमारा कार्यक्रम काफी व्यस्त है और हम चाहते हैं कि इसकी तैयारी करने के लिए पीटरसन को ज्यादा से ज्यादा समय दिया जाए इसलिए उन्हें दोनों ही टीमों में शामिल नहीं किया गया है। अब वह काउंटी में खेल पाएंगे जिसका फायदा निश्चित रूप से उन्हें मिलेगा। पीटरसन ने इस वर्ष टी-20विश्वकप में टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाडी भी चुना गया था। पीटरसन ने माइक्रोब्लागिंग साइट ट्विटर पर भी कहा था कि वह टी-20 टीम से बाहर रहना चाहते हैं। पीटरसन के अलावा क्रेग कीसवेटर को भी वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है जबकि विकेटकीपर के रूप में स्टीवन डेवीस को दोनों ही प्रारूपों में टीम में जगह दी गई है। मिलर ने कहा कि विकेटकीपर के लिए हमारे यहां हमेशा से कडा मुकाबला होता रहा है। इस बार यह मौका डेवीस को मिला। कीसवेटर को वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है लेकिन मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही अपना स्थान हासिल कर लेंगे।
घोषित टीम
टी-20 टीमः पाल कालिंगवुड कप्तान, जेम्स एंडरसन, रवि बोपारा, टिम ब्रेसनन, स्टुअर्ट ब्राड, स्टीवन डेवीस, क्रेग कीसवेटर, इयान मोर्गन, रेयान साइडबाटम, ग्रीम स्वान, ल्यूक राइट, माइकल यार्डी।
वनडे टीमः एंड्रयू स्ट्रास कप्तान, जेम्स एंडरसन, रवि बोपारा, टिम ब्रेसनन, स्टुअर्ट ब्राड, पाल कालिंगवुड, स्टीवन डेवीस, इयान मोर्गन, अजमल शहजाद, रेयान साइडबाटम, ग्रीम स्वान, जोनाथन ट्राट, ल्यूक राइट, माइकल यार्डी। |