ग्वालियर। घंटी बजाई, पता पूछा और पूर्व विधायक की पत्नी के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ले गए। लूट की वारदात बुधवार सुबह महाराणाप्रताप नगर में हुई। लुटेरे संख्या में दो थे जो लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर सवार होकर भाग निकले। हालांकि जैसे ही पुलिस को सूचना मिली,शहर की नाकेबंदी की गई और कई जगह दबिश भी दी गई,लेकिन लुटेरे गिरफ्त में नहीं आ सके।
अभी तक तो लुटेरे राह चलती महिलाओं के गले पर झपट्टा मारकर वारदात को अंजाम दे रहे थे, लेकिन अब बेखौफ हुए लुटेरों ने घर में घुसकर चेन लूट की वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया है। झांसी रोड इलाके के महाराणा प्रताप नगर मकान नंबर 20 में रहने वाले पूर्व विधायक राय सिंह भदौरिया के घर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जाता है कि बुधवार सुबह पूर्व विधायक के घर पर दो लोग पहुंचे। उन्होंने दरवाजे पर पहुंचकर घंटी बजाई। घंटी बजते ही राय सिंह भदौरिया की पत्नी राजा बेटी ने दरवाजा खोला। दरवाजा खोलने पर दो लोग सामने खडे थे। उन लोगों ने राजा बेटी से किसी बिल्डर का पता पूछा।
चूंकि राजा बेटी बिल्डर का पता नहीं जानती थीं,इसलिए उन्होंने इंकार कर दिया। इससे पहले कि राजाबेटी दरवाजा बंद करके अंदर जा पातीं उन दोनों में से एक युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटकर भाग निकले। वारदात के बाद राजाबेटी ने शोर भी मचाया, लेकिन जब तक उनकी आवाज सुनकर लोग वहां पहुंच पाते,लुटेरे रफूचक्कर हो चुके थे। फिलहाल पुलिस अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश करने में जुटी हुई ह।
पुलिस करती रही भागदौड
महाराणा प्रताप नगर में घर में घुसकर चेन लूट की वारदात का पता पुलिस को मालूम चला तो वह सतर्क हो गई। सबसे पहले तो पुलिस पूर्व विधायक के घर पहुंची और लुटेरे के बारे में पूछा। जानकारी लगते ही नाकेबंदी कर लाल बाइक की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने एमपी नगर के आस-पास के इलाकों में भी लुटेरों को तलाश किया, लेकिन लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं आ सके। कुल मिलाकर कई घंटों तक पुलिस लुटेरों को तलाशने में भागदौड करती रह्वही। |