इस्लामाबाद। जैसी उम्मीद थी, वैसा ही हुआ। पाकिस्तान ने फिक्सिंग का ढीकरा भी भारत के सिर फोडा है। पाक मीडिया का कहना है कि भारत की खुफिया एजेंसी रॉ एक साजिश के तहत पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर करना चाहती है।
अखबार डेली मेल में द लॉड्र्स एपिसोड अनॉदर रॉ प्लॉय शीर्षक से एक खबर छापी है। जिसमें कहा गया है कि आईसीसी अध्यक्ष बनने के बाद शरद पवार पाक टीम पर पांच साल का प्रतिबंध लगाना चाहते हैं। इतना ही नहीं अखबार ने सट्टेबाज मजहर मजीद को रॉ का एजेंट बताते हुए दावा किया है कि रॉ अफसरों ने मजीद का परिचय भारतीय क्रिकेट के कर्ताधर्ताओं से कराया।
भारत ने कराया फर्जी स्टिंग ऑपरेशन
डेली मेल ने दावा किया है कि फर्जी स्टिंग ऑपरेशन करने के लिए ब्रिटिश पत्रकार को रॉ ने भारतीय उच्चायोग के जरिए करीब 36 लाख रुपए दिए थे। इसके अलावा डेली मेल का दावा है कि मजहर को जमानत दिलाने में भी रॉ की अहम भूमिका है। पाकिस्तानी मीडिया में खबरों के मुताबिक शरद पवार और स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस कोशिश कर रहे हैं कि पाकिस्तान खिलाडियों स्पॉट फिक्सिंग में फंसाकर पाकिस्तान पर 2-3 साल का प्रतिबंध लगवा दिया जाए।
पवार को बताया मास्टरमाइंड
मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आईसीसी चीफ शरद पवार रॉ के लिए काम करते हैं और वही फिक्सिंग प्रकरण में मास्टर माइंड हैं। रिपोर्ट के मुताबकि इस साजिश का अहम मकसद मोहम्मद आमिर का करियर खत्म करना था।
टिकट ब्लैक करता था माजीद
रिपोर्ट के मुताबिक मजीद रॉ के लिए पैसे इकट्ठे करने का काम करता है। डेली मेल की खबर में यह भी दावा किया गया है, मजीद कुछ साल पहले तक मुंबई के सिनेमा हालों में टिकट ब्लैक करता था। वहीं से रॉ ने उसे चुना और रॉ के स्पेशल ऑपरेशन डिवीजन में उसकी स्पोर्ट्स बेटिंग में ट्रेनिंग कराई गई।
तेंदुलकर को भी घसीटा
रॉ ने ही सचिन तेंडुलकर, हरभजन सिंह, राहुल द्रविड से मजीद की मुलाकात कराई। बाद में इन खिलाडियों ने मजीद की मुलाकात पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के टॉप क्रिकेटरों से कराई जिसमें शेन वॉटसन भी शामिल हैं।
किताब में करूंगा खुलासे ः धीरज
वहीं फिक्सिंग प्रकरण में अपना नाम आने के बाद भारतीय मूल के धीरज दीक्षित ने कहा है कि जल्द ही वो इस मसले पर एक किताब के जरिए खुलासे करेंगे। उन्होंने वीना पर मानहानि का मुकदमा ठोंकने की भी बात कही। फ्रीलांस फोटोग्राफर दीक्षित ने लंदन में कहा, वीना के सारे आरोप बेबुनियाद है। उसने मेरे सामने फोन पर ऊलजुलूल प्रस्ताव रखे जिन्हें ठुकराने पर वह मुझे इस तरह बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
|