ग्वालियर । कोलार घाटी के पास अस्सी फीट गहरी खाई में एक जीप अनियंत्रित होकर जा गिरी। जीप के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई।
बकि जीप का चालक घटना के बाद मौके से भाग गया। पुलिस ने जीप के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार जीप क्रमांक एमपी07 ए 5275 घाटीगांव से ग्वालियर की ओर आ रही थी। जीप का चालक जीप को काफी तेजी में चला रहा था। जैसे ही जीप कोलार घाटी पुलिया के पास पहुंची। जीप चालक से जीप अनियंत्रित हो गई और अस्सी फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरने से राजेश पाण्डेय निवासी रेहट उम्र(35)और सजन गोस्वामी उम्र(30)निवासी भटपुरा की जीप के नीचे दबकर मौत हो गई। जबकि नसीबा निवासी साहिबा की बगिया घायल हो गई। पुलिस को सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची और लाशों को बाहर निकाला जबकि घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। जबकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले जीप का चालक भाग चुका था। फिलहाल पुलिस ने जीप के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकाले बाहर ः जीप लगभग अस्सी फीट गहरी खाई में गिरी हुई थी। जब तक पुलिस क्रेन को बुलाती उसमें काफी समय लग जाता। पुलिस ने ग्रामीण और आस-पास के लोगों को बुलाया और नीचे खाई में जाकर सबसे पहले जीप को सीधा किया। जीप के सीधा होने से जीप के नीचे दबे दोनों लोगदिखाई दे गए, लेकिन तब तक उन दोनों की मौतें हो चुकी थी।
पति-पत्नी घायल
उपनगर ग्वालियर इलाके में सिलेंडर फटने से पति-पत्नी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस के अनुसार कोटेश्वर कालोनी में रहने वाले राजेन्द्र शर्मा की पत्नी रेनू गैस पर सुबह चाय बना रही थी। अचानक सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर में आग लगते ही रेनू ने चिल्लाना शुरू कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर राजेन्द्र भी रसोई में जा पहुंचे। इससे पहले कि वह सिलेंडर में लगी आग को बुझा पाते सिलेंडर फट गया और पति-पत्नी दोनो घायल हो गए। सिलेंडर फटने से मौहल्ले में हडकंप मच गया। तभी किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत 108 एम्बूलेंस को बुलाकर घायल पति-पत्नी को अस्पताल पहुंचाया।
|