ग्वालियर। स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की संख्या बढकर नौ हो गई है। गुरूवार को जेएएच के स्वाइन फ्लू वार्ड में एक और संदिग्ध मरीज को भर्ती किया है। मरीज के लक्षण स्वाइन फ्लू से मिल रहे हैं, इसलिए अस्पताल प्रशासन ने मरीज को आइसोलेट कर दिया है। इसे मिलाकर जेएएच में भर्ती स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या दो हो गई है। स्वाइन फ्लू की जांच के लिए मरीज का सैम्पल शुक्रवार को जबलपुर भेजा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष एहतियात बरती जा रही है। शहर के सभी नर्सिंग होम संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वह स्वाइन फ्लू के लक्षणों वाले मरीजों को तुरंत शासन द्वारा अधिकृत अस्पतालों में भेजें। इन्हीं आदेशों के चलते गुरूवार को सहारा हॉस्पिटल से एक मरीज को जेएएच रैफर किया गया है। मुरैना जिले के राम नगर क्षेत्र में रहने वाले एक 28 वर्षीय व्यक्ति को चार दिन से सर्दी, खांसी की शिकायत थी। इन बीमारियों से छुटकारा पाने के लिए मरीज द्वारा स्थानिय चिकित्सक से अपना उपचार कराया गया, लेकिन जब चार दिन बाद उसे आराम नहीं मिला, तो परिजन गुरूवार सुबह 8.30 बजे उसे लेकर सहारा हॉस्पिटल पहुंचे। मरीज को हॉस्पिटल में भर्ती करने के बाद चिकित्सकों ने उसकी सभी जांच कराईं और रिर्पोट आने के बाद मरीज को शाम 4 बजे स्वाइन फ्लू की आशंका जताते हुए जेएएच रैफर कर दिया। जेएएच में पहुंचने के बाद कैजुल्टी में उपस्थित चिकित्सक द्वारा मरीज के लक्षणों को देखते हुए उसे स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को मरीज का सैम्पल जांच के लिए भेजा जाएगा। गौरतलब है कि इससे पूर्व एक कांग्रेसी नेता को स्वाइन फ्लू संदिग्ध मानकर वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालंाकि अभी तक इनकी रिपोर्ट नहीं आई है। |