| | पाक दागी खिलाडियों को आईसीसी ने किया निलंबित | | | |
|  | | | |
| | |
टांटन। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (आईसीसी) ने स्पॉट फिक्सिग के आरोपी पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान सलमान बट और दोनों तेज गेंदबाजों मोहम्मद आसिफ तथा मोहम्मद आमिर को निलंबित कर दिया है। आईसीसी ने एक बयान में कहा कि तीनों पाकिस्तानी खिलाडियों पर आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के अनुच्छेद दो के तहत आरोपित किया गया है। इन खिलाडियों पर पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और अंतिम टेस्ट के दौरान अनियमितता बरतने का आरोप है। आईसीसी ने कहा कि इस मामले में जांच पूरी होने तक बट, आसिफ और आमिर को क्रिकेट और इससे जुडी सभी गतिविधियों से निलंबित कर दिया गया है।
उनके पास इसके खिलाफ 14 दिन के भीतर एक स्वतंत्र ट्रिब्यूनल में अपील करने का विकल्प है। अनुच्छेद पांच के अंतर्गत उन्हें आरोप पत्र मिलने के दो सप्ताह के अंदर बताना होगा कि वह इस मामले में सुनवाई चाहते हैं या नहीं। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी हारून लोर्गट ने कहा कि ऐसे मामलों में हमें निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए। अगर आरोपी खिलाडियों का अपराध सिद्ध होता है तो उनपर आजीवन प्रतिबंध लग सकता है। हालांकि हमें कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही इन खिलाडियों को दोषी करार नहीं देना चाहिए।
क्योंकि इस बात का फैसला करना स्वतंत्र ट्रिब्यूनल का काम है। इस बीच पाकिस्तान के उच्चायुक्त वाजिद शमसुल हसन ने आईसीसी के इस कदम की कडी आलोचना करते हुए कहा है कि उसके केवल सुनी सुनाई बातों के आधार पर फैसला ले लिया जबकि अब तक स्काटलैंड यार्ड पुलिस ने अपनी जांच भी पूरी नहीं की है। हसन ने कहा कि आईसीसी का यह फैसला लेने का कोई मतलब ही नहीं बनता। आईसीसी ने हमें भरोसा दिलाया था कि जब तक पुलिस की जांच पूरी नहीं हो जाती , तब तक वह इंतजार करेगी। लोर्गट से गुरुवार को मुझसे मुलाकात के दौरान भी बहुत सकारात्मक रुख दिखाया था। उन्होंने आईसीसी के अध्यक्ष शरद पवार को इस मामले में लपेटते हुए कहा कि लेकिन इस बीच आईसीसी अध्यक्ष पवार का फोन आया और वह बाहर चले गए। फिर अचानक खिलाडियों पर निलंबन का फैसला आ गया। वहीं पाकिस्तान के खेल मंत्री ने कहा है कि यदि उनके खिलाडियों पर लगे आरोप गलत साबित हुए तो वह इस मामले का खुलासा करने का दावा करने वाले ब्रिटिश अखबार को अदालत में घसीटेंगे।
पाकिस्तान के लिए अब चोटों ने बढाई समस्या
टांटन। इंग्लैंड के खिलाफ दो टी -20 और पांच वनडे से पहले पाकिस्तानी टीम को एक और करारा झटका लगा जब टीम के चार क्रिकेटर सोमरसेट के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए। पाकिस्तानी टीम पहले ही सलमान बट, मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमेर के बिना खेलेगी, जिन पर ‘स्पॉट फिक्सिंग’ स्कैंडल के आरोप लगे हैं। टीम के चार मुख्य खिलाडियों के अभ्यास मैच के दौरान चोटिल होना टीम की समस्याओं को बढा रहा है, जिसमें मेहमान टीम ने आठ रन से जीत दर्ज की। फार्म में चल रहे बल्लेबाज उमर अकमल के मैच से पहले सिर में चोट लग गई जबकि उमर गुल की अंगुली और वहाब रियाज का कंधा चोटिल हो गया।
हालांकि इन दोनों के इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती टी -20 से पहले फिट होने की संभावना है। अब्दुल रज्जाक के अभ्यास के दौरान पीठ की चोट के उबरने से पाकिस्तानी टीम की परेशानियां बढ गई क्योंकि इस आल राउंडर की अनुपस्थिति का मतलब है कि टीम तीन मुख्य तेज गेंदबाजों के बिना मैदान पर उतरेगी। हालांकि पाकिस्तान के लिए अभ्यास मैच में जीत थोडी राहत भरी रही, जिसमें बट की जगह टीम में शामिल किए गए शाहजेब हसन ने शतक जडा। |
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
| |
| |