|
पेरिस। ईरान में विवाहेत्तर संबंध के आरोप में पत्थर मार -मार कर मौत की सजा पाने वाली महिला के बेटे ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह उसकी मां की जिंदगी बचाने के लिए दबाव बनाए। फ्रांस के लिबरेशन अखबार ने सकीना मोहम्मदी-अश्तियानी नाम की इस महिला के बेटे सज्जाद का साक्षात्कार प्रकाशित किया है, जिसमें सज्जाद ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा है कि मैं आपसे निवेदन करता हूं, कृपया दबाव बनाए रखें। उसने कहा है कि अगर आप लोग वहां नहीं होते, तो मेरी मां अब तक मार दी गई होती। सज्जाद ने इसके पहले ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनेशियो लूला डीसिल्वा से अपनी अपील में कहा था कि हमारे राष्ट्रपति के लिए आपकी बात का ज्यादा महत्व होगा, बजाए हमारी।
लूला इसके पहले अहमदीनेजाद से आग्रह कर चुके हैं कि सकीना को मारने के बजाए ब्राजील में शरण दे दी जाए। दो बच्चों की मां सकीना (43) को विवाहेत्तर संबंधों के आरोप में मौत की सजा दी गई है। ईरान ने इसके बाद यह भी कहा कि सकीना अपने पति की हत्या की साजिश में शामिल थी, जबकि उसने इन आरोपों से इंकार कर दिया है। |