गांधीनगर । गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह देश के प्रधानमंत्री पद की रेस में नहीं हैं और राज्य की सेवा कर संतुष्ट हैं।
शिक्षक दिवस से एक दिन पहले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हर रोज आप सुनते होंगे कि शरद पवार देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। जब यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे तो उन्हें भी अगला प्रधानमंत्री कहा गया, इसी तरह मायावती या नीतीश कुमार को भी अगला प्रधानमंत्री कहा जाता है, लेकिन मैं इस क्लब में शामिल होने नहीं जा रहा। मोदी ने कहा कि इसके बदले मुझे यह कहने दीजिए,मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की 5.5 करोड आबादी की सेवा कर संतुष्ट और खुश हूं।
अलगाववादियों को रियायत दे सकती है सरकार ः आडवाणी
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने आशंका जताई है कि जम्मू कश्मीर में राजनीतिक समाधान के नाम पर केंद्र सरकार अलगाववादियों को रियायतों का पैकेज दे सकती है। अपने ब्लॉग पर ताजा लेख में उन्होंने यह आशंका जताई। आडवाणी ने लिखा कि गृहमंत्री पी.चिदंबरम से उम्मीद की जा रही थी कि वे जम्मू-कश्मीर के बारे में लोकसभा में हुई चर्चा का जवाब देंगे, लेकिन दिन गुजरते गए और कश्मीर को सदन की कार्यसूची में जगह नहीं मिली।
चर्चा अधूरी रह गई। अफवाह है कि राजनीतिक समाधान के नाम पर रियायतों का पैकेज दिए जाने की योजना बनाई गई थी। इस पर सदन में हंगामा भी हुआ, तब संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि गृहमंत्री दूसरे सदन में हैं। वे देखते हैं कि क्या गृहमंत्री इस सदन में आ सकते हैं लेकिन, वे नहीं आए और सदन को यह बताए बिना कि सरकार आजादी चाहने वालों के लिए किस तरह के पैकेज की योजना बना रही है, शाम को सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। |