ग्वालियर। प्रदेश के दूसरे शहरों में हडकंप मचाने के बाद स्वाइन फ्लू ने ग्वालियर अंचल में भी कहर बरपाना शुरू कर दिया है। शनिवार को तीन मरीजों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जेएएच के साथ बिडला अस्पताल में हडकंप मच गया। पॉजिटिव मरीजों की निगरानी तेज कर दी गई है। वहीं जेएएच अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से भागे एक पॉजिटिव मरीज को लेकर अस्पताल प्रबंधन परेशान है। हांलाकि कहा यह जा रहा है कि मरीज पर निगाह रखी जा रही है। चिकित्सकों की टीम को पॉजिटिव मरीज के घर भेजा गया है। स्वाइन फ्लू के 9 संदिग्ध मरीजों में से पांच पॉजिटिव और चार की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं एक महिला की मौत हो चुकी है। बिडला अस्पताल में भर्ती संगीता निवासी मुरैना और जेएएच में भर्ती अजय तोमर निवासी मुरैना व अनुपम नगर निवासी एन पी शर्मा की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग के साथ जेएएच व बिडला अस्पताल में चिकित्सकों को सर्तकता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जेएएच से गायब हुए एमपी शर्मा की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रबंधन के हाथ पांव फूल गए ह।
अपनी लापरवाही को छिपाने के लिए अब मरीज पर निगाह रखे जाने की बात कही जा रही है। शर्मा की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके संफ में आने वाले लोगों को संक्रमण होने का खतरा बढ गया है। जानकारी के मुताबिक स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज पर उस समय तक निगाह रखी जाती है जब तक उसकी जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती,लेकिन अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण जांच रिपोर्ट आने से पहले ही शर्मा अस्पताल से गायब हो गए। जेएएच के स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती एक पॉजिटिव मरीज पर चिकित्सक सतत् निगाह बनाए हुए ह।
लापरवाही के लिए मशहूर जेएएच
स्वाइन फ्लू जैसी खतरनाक बीमारी से निपटने के लिए जहां सरकार चिंतित हैं। वहीं अंचल के सबसे बडे अस्पताल जयारोग्य में इस बीमारी से निपटने की बात तो दूर संदिग्ध मरीजों की निगरानी भी ठीक तरह से नहीं की जा रही है। अस्पताल में भर्ती संदिग्ध मरीज पर उस समय तक निगाह रखी जानी चाहिए जब तक उसकी जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती,लेकिन जेएएच में ऐसा नहीं किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने से पहले ही संदिग्ध मरीज यहां से गायब हो जाते हैं। जांच रिपोर्ट आने पर जब गायब मरीज पॉजिटिव पाया जाता है तो अस्पताल प्रबंधन के हाथ पांव फूल जाते हैं। जेएएच में यह पहली बार नहीं हो रहा है पिछले वर्ष जब स्वाइन फ्लू का कहर बरपा था उस समय भी ओपीडी से एक मरीज भाग गया था। तब वह मरीज पॉजिटिव नहीं पाया गया था।
ग्वालियर-चंबल संभाग में पांच पॉजिटिव में से एक की मौतः स्वाइन फ्लू अपना असर दिखा रहा है। पिछले दो सप्ताह के दौरान नौ नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। जिनमें से पांच पॉजिटिव निगेटिव निकले। अभी तक शिवपुरी के बदरवास से एक, भिंड, मुरैना व ग्वालियर से दो-दो मरीजों के साथ स्वाइन फ्लू के मरीज का इलाज करने वाले बिडला हॉस्पिटल के एक चिकित्सक का सैंपल भेजा था। इनमें से बदरवास निवासी बबीता की मौत हो गई थी। वहीं बिडला अस्पताल में भर्ती एक महिला व जेएएच में भर्ती मुरैना के युवक व अनुपम नगर निवासी एनपी शर्मा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
डीआरडीई में हुई एक मरीज की जांचः स्वाइन फ्लू के बढते प्रकोप के बाद ग्वालियर अंचल में मिलने वाले स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की जांच डीआरडीई में कराने की अनुमति मिलने के बाद मुरैना के एक युवक की जांच यहां कराई गई, जो पॉजिटिव निकली। अब तक जबलपुर में स्वाइन फ्लू की जांच की जा रही थी। डीआरडीई में जांच होने से रिपोर्ट जल्द मिल जाया करेगी। |