कार्डिफ। पाकिस्तान की एकदिवसीय टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने आज निलंबित खिलाडियों सलमान बट,मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर के प्रति कडा रवैया अपनाते हुए कहा कि टीम के सर्वश्रेष्ठ हित में इन तीनों क्रिकेटरों को ड्रेसिंग रूम से दूर रखा जाना चाहिए। इन तीनों पर स्पाट फिक्सिंग का आरोप है जिसकी स्काटलैंड यार्ड जांच कर रही है।
अफरीदी ने हालांकि कहा कि ‘न्यूज आफ द वर्ल्ड ’ टैबलायड के नए खुलासे से संकट बढने के बावजूद इंग्लैंड का दौरा जारी रहेगा। इस टैबलायड ने नए खुलासे में पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज यासिर हमीद के हवाले से कहा है कि लगभग सभी पाकिस्तानी खिलाडी मैच फिक्सिंग में शामिल हैं।
अफरीदी ने कहा, ‘‘ हम कडी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं लेकिन हम इससे मुंह मोडकर भाग नहीं सकते। प्रत्एक जानता है कि पाकिस्तानी क्रिकेट के लिए इंग्लैंड का यह दौरा कितना महत्वपूर्ण है। इंग्लैंड दौरा जारी रहेगा। ’’
उन्होंने जियो न्यूज से कहा,‘‘मुझे नहीं लगता कि उन तीनों को ड्रेसिंग रूम का हिस्सा होना चाहिए। उन्हें दूर रखने में ही भलाई है।’’पाकिस्तान पहले दो ट्वेंटी-20 मैच खेलने के लिए कार्डिफ में है जबकि निलंबित किए गए तीनों खिलाडी पूछताछ के लिए लंदन में हैं।अफरीदी ने इससे पहले तीनों खिलाडियों की तरफ से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी थी। |