|
भोपाल। राजधानी में शाम हुई जोरदार भारी बारिश ने शहर के निचले इलाके में कहर बरपा दिया। कई क्षेत्रों में घरों में पानी भर गया। इसका कारण पानी के निकासी सी व्यवस्था का न होना या उसका ठप हो जाना रहा। इससे नगर निगम की सारी सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। सबसे ज्यादा असर पिपलानी क्षेत्र के राधाकुंज में कहर ढह दिया।
बारिश का पानी घरों के भीतर घुसने के कारण लोगों को घरों की छत तक पर चढना पडा। कई तो अपने छोटे - छोटे बच्चों को कंधों पर लेकर भाग रहे थे। ऐसा नजारा अकसर बाढग्रस्त क्षेत्रों में नजर आता है। राधाकुंज वासियों का कहना था कि पानी की निकासी के लिये नालियां तक नहीं बनाई जाने के कारण यह बदतर स्थिति बनी है। देर शाम हई भारी बारिश ने पिपलानी के टेगोर नगर, राधाकुंज, वास्तु नगर में पानी ने अपना रौद्र रूप दिखाकर लोगों को घरों से भागने पर मजबूर कर दिया। चारों तरफ लोग पानी से बचने के लिए इधर उधर जगह तलाशते नजर आए।
बाढ जैसा था नजारा
राधाकुंज में पानी ऐसा कहर बरपाया कि कालोनी के दो सौ मकानों में पानी भर गया । जिससे लोग इधर उधर भागते नजर आ रहे थे। लोगों को पानी शुरूआत में गले तक बढता देखा गया । लोग अपना घर छोडकर घरों के ऊपर चढ गये । जिससे उनके नीचे के हिस्से में पानी भर जाने से बाढ जैसा नजार देखने को मिल रहा था। पानी को लगातार बढता देख कई तो अपना घर छोडकर भाग खडे हुये। कुछ लोग अपने बच्चों को कंधों पर बिठाकर भागे।
नहीं पहुंची सहायता
राज एक्सप्रेस के संवाददाता के मौके पर पहुंचने तक देखा कि वहां कोई अधिकारी नहीं था। यहां तक की अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं थी। इस कारण तत्काल कोई सहायता नहीं पहुंची थी । अधिकारी इसी गफलत में रहे कि राधाकुंज में बारिश से कोई दीवार गिर गई है। जबकि वह दीवार स्वयं लोगों ने तोडी थी। राधाकुंज के इलाके में पानी ही पानी नजर आ रहा था। चारों तरफ जिसको निकलने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। लोगों में पार्षद व जिला प्रशासन के प्रति भारी रोष था।
पुलिस से नहीं मिली सूचना
पिपलानी के खजूरी रोड पानी भरने से कुछ लोग नाले में बह गये । जिसकी सूचना खजूरी थाने में मांगी गई । तो थाना प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने इस मामले पर जानकारी लेने के वजह फोन काट दिया। इसके बाद लोगों की मदद के लिए लोगों ने फोन लगाया तो उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया। इस मतामले की सूचना मिलते ही कलेक्टर निकुंज श्रीवास्तव ने मौके पर नगर निगम व जिला प्रशासन की टीम भेज दी थी । जहां इस मामले की गंभीरता को भांपते हुये स्वयं पर्यवेक्षण कर रहे थे । वहीं खजूरी पुलिस इस पूरे मामले पर अपना पल्ला झाडती नजर आई।
कई इलाके हुए जलमग्न
तेज बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए। इसमें प्रमुख रूप ये नारियल खेडा ,स्वदेश नगर अस्सी फिट रोड, खजुरी स्थित नंदी फाउंडेशन, कैलाश नगर, सेमरा, महामाई का बाग, अशोका गार्डन शामिल हैं। यहां पर सडकें पानी से लबालब हो गई और लोगों के घरों में पानी भर गया। कई लोग अपना अपना समेटते हुए घरों से बाहर की ओर भागे। मौके पर नगर निगम सहित कोई भी अधिकारी न पहुंचने पर लोगों ने प्रशासन को जीभर कर कोसा। वहीं लोग स्वयं ही पानी से निकलने की मशक्कत करते रहे।
कई स्थानों पर गिरे पेड
कई इलाकों में पेड हाई टेंशन लाइन पर गिरे। जिसका सडकों पर तारों का जाल फैल गया। करीब घंटो तक शहर की बिजली सप्लाई ठप्प रही जिस कारण लोगों को खासी मुसीबत झेलनी पडी। ईदगाह हिल्स पुलिस चौकी के पास एक विशालयकाय पेड बारिश के कारण धराशायी हो गया। मूसलाधार बारिश से सडकों पर पानी भरने से घंटो जाम लगा रहा। भोपाल टाकीज , हबीबगंज अंडर ब्रिज, अन्नानगर चौराहा, चेतक ब्रिज, ऐशबाग फाटक, स्टेशन चौराहा सहित पुराने शहर के दर्जन भर इलाको में जाम की स्थिति रही।
कई जगह हुई बिजली गुल
भोपाल। बारिश ने जहां आज शाम शहर को तरबतर किया , वहीं कई जगह बिजली गुल होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पडा। बारिश इतनी तेज थी कि कई क्षेत्रों में विद्युत मंडल को बिजली सप्लाई बंद करनी पडी, वहीं कुछ क्षेत्रों में डीपी में फाल्ट होने के कारण क्षेत्र की लाइट घंटों बंद रही।
एमपी नगर जोन -2 में डीपी में बडा फाल्ट होने की वजह से पूरे एमपीनगर क्षेत्र में अंधेरा छा गया। इससे बोर्ड आफिस चौराहे पर लंबा जाम लग गया, यही स्थिति न्यू मार्केट, कमला पार्क, सिंधी कालोनी, डीआईजी बंगला, काजी कैंप जैसे क्षेत्रों में बिजली गुल होने के कारण जाम की स्थिति बनी। वहीं दूसरी ओर आनंदनगर, अन्नानगर, कांग्रेस नगर नगर निगम कालोनी, चांदबड जेपीनगर, पुतलीघर आदि क्षेत्रों में बिजली गुल होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पडा।
इन क्षेत्रों में भी गुल रही बिजली
अरेरा कालोनी के ई -1, 2 ,5, 6, 7, शाहपुरा, मनीषा मार्केट , चूना भट्टी, 1॰ नंबर स्टॉप, शिवाजी नगर आदि क्षेत्रों की पॉश कालोनियों में बिजली गुल हुई वहीं पुराने शहर के कोहेफिजा, जहांगीराबाद, शाहजहांनाबाद, ईदगाह हिल्स, लालघाटी, काजी कैम्प, अशोका गार्डन, चौकी इमामवाडा, सुभाष नगर, आदि क्षेत्रों में घंटो बिजली गुल रही। शिवाजी नगर में बडी लाईन फाल्ट होने की वजह से लगभग एक घंटे अंधेरा छाया रहा। |