फर्रुखाबाद । केंद्रीय कारपोरेट एवं अल्पसंख्यक राज्यमंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि अयोध्या विवाद पर अदालत का जो भी निर्णय आए उसे समाज के सभी वर्ग को ससम्मान स्वीकार कर लेना चाहिए। सलमान खुर्शीद ने बताया कि अयोध्या विवाद पर उच्च न्यायालय का निर्णय आने वाला है, जिसका समाज के सभी वर्गो को सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो पक्ष इस फैसले से सहमत न हो उनके लिए उच्चतम न्यायालय में अपील करने का विकल्प खुला हुआ है। साथ ही साथ यह भी कहा कि इस मुद्दे को अनावश्यक तूल देकर साम्प्रदायिक माहौल को न बिगाडा जाए। केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती द्वारा कांग्रेस पर सीबीआई के माध्यम से उन्हें फंसाने के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो की जवाबदेही कांग्रेस के प्रति नहीं वरन न्यायालय के प्रति है और सीबीआई को अदालत में जवाब देना होता है। |