रोसारियो। भारतीय महिला हॉकी टीम ने हार की हैट्रिक से उबरते हुए यहां एफआईएच विश्व कप में में जापान को 2-0 से हराकर पहली जीत दर्ज की। हालैंड, आस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ पहले तीन मैचों में हथियार डालने वाली भारतीय टीम ने 14वें मिनट में रानी रामपाल के गोल की मदद से बढत बनाई और फिर इसे मध्यांतर तक बरकरार रखा। जसजीत कौर हांडा ने भारत के लिए दूसरा गोल पेनल्टी कार्नर पर 43वें मिनट में दागा। इस जीत के बाद भारत पूल ए में जापान को पीछे छोडकर चौथे पर पहुंच गया है।
इस मैच में भारत की जीत की हीरो एक बार फिर 15 वर्षीय स्ट्राइकर रानी रही जिन्होंने टूर्नामेंट का अपना पांचवां गोल दागा। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक के प्रत्येक मैच में गोल किया है। जापान को मध्यांतर से ठीक पहले कुछ पेनल्टी कार्नर मिले, लेकिन भारतीय गोलकीपर दीपिका मूर्ति ने विरोधी टीम के हमलों को नाकाम करते हुए उसे बराबरी हासिल करने से रोक दिया। जापान ने दूसरे हाफ में तेज शुरुआत की।
भारत ने जल्द ही लय हासिल कर ली और विरोधी टीम को बैकफुट पर ला दिया। भारत ने इस बीच पेनल्टी कार्नर पर जसजीत के गोल से 2-0 की बढत बनाई। जापान की काओरी चिबा ने कुछ देर बाद भारतीय गोलकीपर को मुश्किल में डाला और यह देखने के लिए वीडियो अंपायर क्लेयर एडिनोट की मदद लेनी पडी कि कहीं गेंद गोल में तो नहंी पहुंची। |