लंदन। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी हारून लोर्गट ने संकेत दिए हैं कि अगर पाकिस्तान का तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर स्पॅाट फिक्सिंग के आरोपों में दोषी पाया जाता है तो वह सिर्फ 18 बरस की उम्र के कारण आजीवन प्रतिबंध जैसी कडी सजा से बच सकता है। ‘द डेली मेल’ ने लोर्गट के हवाले से कहा, ‘‘मैं अपने निजी नजरिए से कहूं तो हां, मुझे लगता है कि इन मामलों में आयु पर ध्यान देना चाहिए।
इस चीज पर स्वतंत्र पंचाट को फैसला करना होगा। ब्रिटिश टेबलायड ‘द न्यूज आफ द वर्ल्ड’ के स्टिंग आपरेशन के बाद स्पॅाट फिक्सिंग के आरोपों में घिरे आमिर के अलावा मो. आसिफ और सलमान बट को अस्थाई तौर निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में पाकिस्तान के ही सलामी बल्लेबाज यासिर हमीद के बयान पर लोर्गट ने कहा कि इस बल्लेबाज का बयान निराशाजनक है। उन्हने कहा कि मैं काफी निराश महसूस कर रहा हूं क्योंकि हमारी एक संहिता है जिसे खिलाडी को मानना होता है और इस तरह की किसी सूचना का खुलासा करना होता है। |