हमेशा कुछ नया करने की चाह में रहती अभिनेत्री नंदीता दास इस बार भी कुछ हटकर करने की सोच रही हैं। सांप्रदायिक दंगों पर आधारित एक फिल्म के निर्देशन के साथ अभिनेत्री से निर्देशिका बनीं नंदिता दास अब मानव तस्करी पर आधारित एक फिल्म का निर्देशन करने जा रही हैं। गुजरात की पृष्ठभूमि पर बनी उनकी फिल्म ‘फिराक’ 2002 की हिंसा के बाद के लोगों के जीवन पर एक नजर डालती है। इस बार वह अंतराष्ट्रीय फिल्म ‘ट्रैफिकिंग’ बना रही हैं। सिद्धार्थ कारा की लिखी यह फिल्म भारत, नाइजीरिया और यूक्रेन की तीन महिला यौनकर्मियों की कहानी बयां करती है। जब इस फिल्म के निर्माताओं इटली के फर्स्ट सन पिक्चर्स की लूसा ग्वाडाग्निनो और एलिजाबेथ स्टनेले ने नंदिता की ‘फिराक’ देखी तो उन्हें लगा कि ‘ट्रैफिकिंग’ के निर्देशन के लिए वह एकदम सही हैं। गौरतलब है कि नंदिता हाल ही में 11 अगस्त को मां बनी हैं। बेटे विहान की परवरिश की व्यस्तताओं के बावजूद उनमें अपनी नई फिल्म को लेकर उत्साह में कोई भी कमी नहीं है। |