भोपाल। भारत सरकार की जन-श्रम विरोधी नीति एवं महंगाई के विरुद्घ केन्द्रीय एवं राजकीय कर्मचारी मंगलवार को हडताल पर हैं। देश की 9 प्रमुख ट्रेड यूनियनों द्वारा एक साथ हडताल की जा रही है। इस हडताल में देशभर के लगभग 6 करोड कर्मचारी शामिल रहेंगे।
हडताल में इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, एआईटीयूसी, टीयूसीसी, एमपीईबी, सीजेडआईईए, केंद्रीय कर्मचारी समन्वय समिति तथा बीएसएनएल एम्पलाइज यूनियन आदि संगठन शामिल हैं। इस हडताल में मध्यप्रदेश से करीब 60 हजार कर्मचारी शामिल होंगे। इस सिलसिले में सोमवार शाम सभी श्रम संगठनों द्वारा यादगारे शाहजहानी पार्क में मशाल प्रदर्शन किया गया।
बैंकों में लेन-देन बंद
ट्रेड यूनियनों के साथ मप्र से लगभग 40 हजार बैंक कर्मचारी भी हडताल पर जायेंगे। राष्ट्रीयकृत बैंकों में लिपिक एवं चपरासी से लेकर सभी कर्मचारी हडताल पर जायेंगे। मप्र बैंक एम्पलाईज एसोसिएशन के महासचिव वीके शर्मा ने बताया कि राशि जमा एवं आहरण का कार्य पूर्णतः बंद रहेगा। हडताल से प्रदेश में करीब दो लाख करोड का नुकसान होगा।
इनको लेकर विरोध
महंगाई, ढांचागत उद्योगों में सार्वजनिक निवेश की कमी, शासकीय कार्यों में आउट सोर्सिंग, ठेकेदारी, श्रम कानूनों का उल्लंघन, सार्वजनिक बैंकों के निजीकरण तथा विलय, बैंकों में विदेशी पूंजी का निवेश, निजी बैंकों को लायसेंस, 1.5 लाख पदों पर भर्ती न होना, श्रम कानूनों के लागू होने में विलंब, दैवेभो कर्मियों नियमितकरण को लेकर हडताल की जाएगी।
एटीएम भी होंगे प्रभावित
बैंकों की हडताल से केवल संस्थागत लेन-देन ही नहीं देशभर में लगे विभिन्न बैंकों के एटीएम भी प्रभावित होंगे। हडताल के कारण एटीएम में नकदी नहीं रखे जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड सकता है।
एसबीआई बंद से अलग
भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी इस हडताल में शामिल नहीं हो रहे हैं। हालांकि स्टेट बैंक आफ इंदौर के कर्मचारी हडताल पर रहेंगे, जिनका हाल ही म भारतीय स्टेट बैंक में विलय किया गया है।
यह कर्मचारी होंगे शामिल
आयकर, पोस्टल, केन्द्रीय भू-जल सर्वेक्षण, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, नेशनल सेंपल सर्वे संगठन, केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क निरीक्षक संघ, आडिट जनगणना, बैंक, बीमा, बीएसएनएल आदि विभागों के कर्मचारी मांगों के समर्थन में हडताल करेंगे।
परिवहन सेवा प्रभावित
बंद के दौरान देशभर में यातायात भी प्रभावित रहेगा। सीटू ने हालांकि ट्रेन और मेट्रो को बाधित नहीं करने की बात कही है, लेकिन दिल्ली और मुंबई में चलने वाले ऑटो रिक्शा और टैक्सी ड्रायवर भी हडताल में शामिल होने जा रहे हैं। हवाई यात्रा पर भी असर होने की संभावना है। खबर है कि बंद के मद्देनजर कई उडाने रद्द की जा रही हैं। |