ग्वालियर। जबलपुर उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासन द्वारा प्रदेश भर की पैथोलॉजी एवं ब्लड बैंकों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी आदेश के चलते सोमवार को जिला प्रशासन की पांच टीमों ने शहर भर की 14 पैथोलॉजियों पर छापे मारे। इस कार्यवाही में आठ पैथोलॉजियों को सील किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग की मिली भगत एवं नियमों को ठेंगा दिखाकर संचालित हो रही पैथोलॉजियों पर सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छापेमार कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही के दौरान कुछ पैथोलॉजियों पर कागजात पूरे नहीं पाए गए, जबकि कई पैथोलॉजी संचालक स्टाफ सहित भाग खडे हुए। सर्वप्रथम सिटी मजिस्टेट शरद श्रोती के नेतृत्व में टीम कम्पू स्थित राधा स्वामी ब्लड बैंक पहुंची और वहां मौजूद संचालक से ब्लड बैंक एवं तत्पर पैथोलॉजी, (जो कि ब्लड बैंक के साथ ही संचालित की जा रही थी) का रजिस्ट्रेशन सहित अन्य कागजात मांगे। जब संचालक द्वारा कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए तो प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे सील कर दिया। इसी तरह प्रशासनिक अधिकारियों के पांच दलों ने शहर की 14 पैथोलॉजियों पर कार्यवाही कर आठ पैथोलॉजियों को सील कर दिया। |