जबलपुर। शहर के उद्यानों और चौराहों पर पुलिस की टीमों ने त्यौहारों को लेकर बरती जा रही अतिरिक्त चौकसी अभियान के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान व्यस्त चौराहों सहित पार्कों आदि में भी जाकर पुलिस द्वारा लोगों की तलाशी ली गई।
सशस्त्र पुलिस टीमों द्वारा चलाए गये इस अभियान को देखकर पहले तो जनमानस को किसी बडी घटना का अंदेशा हुआ फिर मामले को समझते हुए लोगों ने इस अभियान में सहयोग दिया।
इस दौरान कई टीमों में बंटे अधिकारियों समेत पुलिस के जवानों ने आधारताल, रद्दीचौकी, मदार टेकरी , घमापुर, हाईकोर्ट चौराहा, मालगोदाम, घंटाघर, करमचंद चौक, गोरखपुर आजाद चौक सभी व्यस्त चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। त्यौहारों को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बरतने चलाए जा रहे इस अभियान के तहत इन जगहों पर लोगों के साथ के बैग वगैरह को भी खोलकर देखा गया कि उनमें कोई विस्फोटक या आपत्तिजनक वस्तु तो नहीं है।
सिविक सेंटर पार्क में तलाशीः सिविक सेंटर में सशस्त्र पुलिस की टीम द्वारा ली गई तलाशी में वहां बैठे कई लोगों के सामान चेक किए गए। इस दौरान पहले तो लोगों ने विरोध किया पर स्थिति से अवगत होने पर सहयोग देते हुए खुद ही अपने सामान दिखा दिए। |