जबलपुर । बिलपुरा ग्राम पंचायत के कुल 600 सर्वे नंबरों के विरुद्घ इस संख्या से काफी अधिक बीपीएल राशन कार्ड बनाने के मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले को राज एक्सप्रेस द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था, जिसे संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन ने ऐसे समस्त बीपीएल कार्डों को निरस्त करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उल्लेखनीय है कि बिलपुरा में बीपीएल कार्ड के लिए किए गए सर्वे के दौरान जिस संख्या में गरीबों को बीपीएल कार्ड बनवाने के लिए नामित किया गया था, बीपीएल कार्ड उससे काफी अधिक बनाए गए थे। प्रकरण में एक ही सर्वे नंबरों पर कई कई बीपीएल कार्ड बनवा दिए गये थे। अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से किए गए इस फर्जीवाडे के बाद इन बीपीएल कार्डों का उपयोग भी होता रहा।
घटना पूर्व सरपंच के कार्यकाल कीः इस मामले में बिलपुरा के सरपंच कमलेश सिंह से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि यह पूरे कार्ड पूर्व सरपंच के कार्यकाल में बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की धांधली बिना सचिव व अन्य अधिकारियों के साठगांठ के नहीं अंजाम दी जा सकती। |