|
नई दिल्ली । पैसों की बारिश और ग्लैमर का पर्याय बन चुके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले संस्करण में राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के हिस्सा ले पाने को लेकर संशय बना हुआ है। दोनों ही टीमों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय जांच कर रही है और ऐसे में अगर उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सही पाए जाते हैं तो उन पर क्रिकेट बोर्ड की गाज गिरनी लगभग तय है।
हालांकि बीसीसीआई के अध्यक्ष ने कहा है कि हमारी ऐसी कोई मंशा नहीं है और ऐसा होता तो , हम 10 टीमों वाले आईपीएल-4 के लिए नए फॉर्मूले की घोषणा नहीं करते। वहीं 19 अगस्त को कॉरपोरेट मामलों के मंत्री सलमान खुर्शीद ने बताया था कि शुरुआती जांच में सभी टीम फ्रेंचाइजी को कंपनी कानून के उल्लंघन का दोषी पाया गया है और इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि किसी आईपीएल फ्रेंचाइजी ने कंपनी कानून, 1956 के कई प्रावधानों का पालन नहीं किया है। इसके लिए रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी को उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि कोच्चि टीम में शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर को स्वेट इक्विटी देने संबंधी खुलासे के बाद सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी कंपनियों की पूरी जानकारी रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी को दी गई थी, ताकि इनकी जांच की जा सके। |