|
राजस्थान में डॉक्टरों की हडताल के चलते लोगों की जान पर बन आई है। हडताल के कारण समय पर इलाज न मिल पाने से करीब 72 लोग जान गंवा चुके हैं। शनिवार रात से शुरू हुई हडताल मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी है। हालांकि राज्य का स्वास्थ्य महकमा मरने वालों का आंकडा अभी भी 26 बता रहा है। खबर यह भी है कि डॉक्टरों ने सरकार से वार्ता के बाद काम पर लौटने की बात कही है। वहीं दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल के चिकित्सक भी मारपीट का आरोप लगाते हुए मंगलवार से काम बंद कर हडताल पर चले गए हैं।
जयपुर। राजस्थान सरकार ने सख्त रवैया अपनाते हुए डॉक्टरों को सेवाएं तुरंत बहाल करने का आदेश दिया है। लेकिन इस अल्टिमेटम का कोई असर होता नहीं दिख रहा है। राजस्थान में करीब 1200 रेजिडेंट डॉक्टर हडताल पर हैं।
पांच जिलों में चिकित्सा सेवाएं ठप
हडताल से राजस्थान के पांच बडे जिलों में चिकित्सा सेवाएं ठप हो गई हैं। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और अजमेर में मरीजों का बुरा हाल है। हडताल के कारण इलाज न होने से मारे जाने वाले 72 लोगों में नवजात शिशु भी शामिल हैं। जयपुर-जोधपुर में हालात और खराब हैं। सभी छह सरकारी कॉलेजों और अस्पतालों में इस समय मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है। ओपीडी पेशेंट्स के अलावा अस्पताल में भर्ती मरीजों को देखने वाला भी कोई नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं और हमने भी मौतों के बारे में सुना है। हालांकि अभी इस बाबत पुष्टि की जानी बाकी है। जयपुर असोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स के प्रेजिडेंट डॉक्टर केके साहू ने कहा, हम स्टूडेंट्स और डॉक्टरों पर पुलिस के लाठीचार्ज का विरोध कर रहे हैं।
दिल्ली में सफदरगंज के 700 डॉक्टरों ने बंद किया काम
नई दिल्ली। दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल के डॉक्टर हडताल पर चले गए हैं, जिसके कारण आपातकालीन, ओपीडी, आईसीयू और दूसरी सेवाएं बिल्कुल ठप हो गई हैं। करीब 700 डॉक्टर हडताल पर चले गए। हडताल से अस्पताल में मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पडा रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात एक महिला डॉक्टर के साथ मरीज के रिश्तेदारों के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद 700 से ज्यादा डॉक्टर हडताल पर चले गए। वरिष्ठ डॉक्टर हालांकि अभी तक हडताल में शामिल नहीं हैं, लेकिन वे भी उनका नैतिक समर्थन कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी एक मरीज के रिश्तेदारों द्वारा डॉक्टरों के साथ मार-पीट किए जाने के बाद सफदरजंग अस्पताल के एमबीबीएस के छात्रों समेत करीब 1,200 रेजिडेंट डॉक्टर हडताल पर चले गए थे। |