|
बेंगलुरु । सिंगर कविता कृष्णमूर्ति के वायलिन वादक पति एल. सुब्रमण्यम पर उनकी नौकरानी भाग्या ने रेप का आरोप लगाया है। पर इससे एक दिन पहले सुब्रमण्यम परिवार ने उस पर अपने घर से 5000 यूरो और कुछ दूसरी चीजों की चोरी का आरोप लगाया था। सुब्रमण्यम परिवार बेंगलुरु के डॉलर्स कालोनी में अपने दो बच्चों के साथ रहता है।
नौकरानी पर लगाया चोरी का आरोप
कविता ने बताया कि जून में मेरा विदेश में प्रोग्राम था। लौटते समय कुछ वक्त हमने यूरोप में भी गुजारा और जुलाई में लौटने पर हमने बाकायदा अपने पास 5000 यूरो होने की घोषणा की, लेकिन उस समय यूरो कुछ कमजोर था इसलिए हमने उसे रुपयों में कनवर्ट नहीं कराया। अगस्त में जब हमने ऐसा करना चाहा तो हमारे बेडरूम के लॉकर में यूरो नहीं था।
साथ ही एक 30,000 का लॉकेट और एक आईपॉड भी गायब मिला। हमने उस समय इसकी फॉर्मल शिकायत पुलिस में नहीं की। अपने स्तर पर ही जांच करते रह। हमारे पास जो यूरो हैं, उसका डिक्लरेशन का कागज वहीं मौजूद था। फिर परिवार में एक मौत हो जाने के कारण भी हम तब पुलिस में नहीं जा सके। बाद में हमने भाग्या से पूछताछ करके उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उसे हमने गत जनवरी में ही एक एजेंसी के माध्यम से रखा था। पर अगले ही दिन भाग्या ने शिकायत दर्ज कराई कि सुब्रमण्यम उस पर बुरी नजर रखते हैं। कविता की बेटी बिंदू ने कहा कि संजय नगर पुलिस ने उसके पर्स में 3500 रुपए नकद और कुछ नए गहने बरामद किए हैं। जिसे 4,000 रुपए तनख्वाह मिलती हो, उसके पास इतनी चीजें कैसे आ गईं, आप खुद ही हिसाब लगा लें। |