|
भोपाल। जेके रोड के सौंदर्यीकरण कार्य को एमआईसी ने अपनी मंजूरी दे दी है। पहले चरण में इस रोड में 90 लाख रुपए का काम होगा। उसके बाद दूसरे चरण में तीन करोड रुपए के कार्य को मंजूरी दी जाएगी।
जेके रोड को लिंक रोड नम्बर दो की तरह बनाने के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर और महापौर श्रीमती कृष्णा गौर ने की थी। महापौर ने इस कार्य का भूमि पूजन भी किया था। यह मुद्दा मंगलवार को महापौर परिषद में आने के बाद एमआईसी के सभी सदस्यों ने अपनी मुहर लगा दी। इसी के साथ जेके रोड के संदर्यीकरण कार्य की सभी बाधाएं हट गई हैं।
यह है योजनाः जेके रोड को राजधानी के लिंक रोड नंबर -1 की तर्ज पर आदर्श सडक बनाने की योजना है। लगभग 4 करोड रुपए लागत वाली इस योजना के पहले चरण में 500 मीटर क्षेत्र का कार्य हाथ में लिया जाएगा। योजना के तहत सर्वप्रथम रोड किनारे फुटपाथ निर्माण और नालियों का निर्माण करया जा रहा है। इसके बाद पौधारोपण और विद्युत व्यवस्था का कार्य कराया जाएगा। प्रथम चरण के कार्य के लिए एमआईसी की बैठक में 90 लाख रुपए का प्रस्ताव पास किया गया। जेके रोड तिराहे पर रोटरी बनाने की भी योजना है।
कोताही बर्दाश्त नहीं होगीः पिछले माह इस रोड का दौरा करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर ने कहा था कि जेके रोड को आदर्श रोड बनाने में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि सडक निर्माण और दोनों किनारों पर कराए जा रहे विकास में गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता न करें। |