नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों से चंद दिनों पहले डोपिंग टेस्ट में देश के तीन शीर्ष तैराकों को ‘पॉजिटिव’ पाए जाने पर निलंबित कर दिए जाने के बावजूद मशहूर तैराक संदीप सेजवाल को यकीन है कि अपनी सरजमीं पर पहली बार हो रहे इन खेलों में भारत टॉप फाइव में जगह बनाएगा।
राजधानी में तीन अक्टूबर से शुरू होने जा रहे 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के बाबत संदीप ने बेंगलूर से फोन पर बातचीत में कहा कि राष्ट्रमंडल तैराकी प्रतियोगिताओं में अब तक भारत कभी भी ‘टॉप 20’ में भी जगह नहीं बना पाया है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि इस बार देश ‘टॉप फाइव’ में अपनी जगह पक्की करने में कामयाब होगा। राष्ट्रमंडल खेलों को लेकर अपनी तैयारियों के बाबत संदीप ने कहा कि वह काफी मेहनत कर रहे हैं और प्रशिक्षण में उन्हें सरकार की ओर से भी काफी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वह पिछले दो साल से राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों म जुटे हैं जिसके तहत उन्हें कई दफा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए विदेश भी जाना पडा है। राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन की तैयारियों में सामने आई अनियमितताओं के सवाल पर संदीप ने कहा कि विवाद तो आते-जाते रहते हैं, लेकिन वह इन सब चीजों का ख्याल न करते हुए अपनी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। संदीप ने इस बात पर काफी संतुष्टि जाहिर की कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए बनाया गया स्वीमिंग पूल ‘विश्वस्तरीय’ है। बीते रविवार को डोपिंग टेस्ट में ‘पॉजिटिव’ पाए जाने पर निलंबित कर दिए गए तैराक ऋचा मिश्रा, ज्योत्सना पंसारे और अमर मुरलीधरन के बारे में पूछे जाने पर संदीप ने कहा कि खिलाडियों को यह पता होना चाहिए कि किन चीजों के सेवन पर पाबंदी है और पता होने के बावजूद कोई खिलाडी यदि प्रतिबंधित चीजों का सेवन करता है तो इसके लिए वह खिलाडी ही जिम्मेदार है। |