केन्द्रीय खेल मंत्री एमएस गिल ने कहा कि डोपिंग के दोषियों को बख्शा नह जाएगा क्योंकि हम राष्ट्रमंडल खेलों में पदक तो चाहते हैं लेकिन सम्मान के साथ। गिल ने यह बात युवा और खेल मामलों के प्रांतीय मंत्रियों के सम्मेलन के मौके पर संवाददाताओं से कही। उन्होंने कहा कि खिलाडियों को हम यही संदेश देना चाहते हैं कि हम सम्मान के साथ पदक जीतना चाहते हैं। हमें उम्मीद है कि यह मामला जल्दी निपट जाएगा और दोषियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। गिल ने खेल महासंघों से भी अपने खिलाडियों को इस मामले में शिक्षित करने की ताकीद की। उन्होंने कहा कि खेल मंत्रालय तो प्रयास करेगा ही, लेकिन खेल महासंघों को भी चाहिए कि वे अपने खिलाडियों को जागरूक बनाए ताकि ऐसी घटनाएं फिर ना हों। राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के बारे में गिल ने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही बारिश से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पर होने वाले उद्घाटन और समापन समारोह की तैयारियों पर असर पडा है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश चिंता का विषय है। अगस्त के बाद सितंबर में भी बारिश हो रही है। इससे उद्घाटन और समापन समारोह की तैयारियां बाधित हुई है। देखते हैं कि आगे क्या होता है। सब कुछ मौसम पर निर्भर है। |