नई दिल्ली। राजधानी में होनेवाले 19 वें राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टिकटों की बिक्री का स्पष्ट रूझान अब तक भले पता नहीं चला हो लेकिन आयोजन समिति का दावा है कि इसमें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाकी मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं।
खेलों के दौरान दर्शकों की व्यवस्था पर समेर ढिल्लन ने कहा कि टिकटों की बिक्री शुरूआती चरण में होने के कारण स्पष्ट रूझान अभी उपलब्ध नहीं है लेकिन इतना स्पष्ट है कि भारत-पाक हाकी मैच समेत कई महत्वपूर्ण आयोजनों के सभी टिकट बेचे जा चुके हैं।
नेहरू स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन और समापन समारोह के लिए टिकटों के पीछे सीट की संख्या लिखी होगी और दर्शक उस निश्चित स्थान पर ही बैठ सकेंगे। अन्य स्पर्धा के लिए यह व्यवस्था बदल जाएगी और दर्शक पहले आओ.. पहले पाओ के आधार पर बैठेंगे। दर्शकों की मदद के लिए 195 वेतनभोगी कर्मियों और 2650 स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैयार की गयी है जो उन्हें उचित स्थान तक पहुंचाएगी। |