ग्वालियर । रंगदारी के चलते कबाब के ठेले पर काम करने वाले युवक को गोली मारने वाला टीआई का भतीजा हाजिर हो गया है। सोमवार-मंगलवार की रात को गोली मारकर भागे पंकू को उसके परिजनों ने पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसे गिरफ्तार किया गया है।
कम्पू ईदगाह बालसदन स्कूल के पास कबाब के ठेले पर काम करने वाले कल्लू उर्फ शाहरुख को गोली मारकर भागा टीआई इन्द्रवीर भदौरिया के भतीजा पंकू भदौरिया पुत्र उदयवीर सिंह पुलिस के सामने हाजिर हो गया। सूत्रों के अनुसार गोली मारने के बाद पंकू अपने घर में ही छुप गया था। पंकू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसके परिजनों पर दबाव बनाए थी। इसी के चलते सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात को परिजनों ने पंकू को कंपू पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उधर पुलिस का कहना है कि पंकू को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 315 बोर का कट्टा भी जब्त कर लिया गया है, जिससे उसने कल्लू को गोली मारी थी। पंकू को रातभर जेल में रखने के बाद सुबह कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रात भर पुलिस रही तैनातः गोली की वारदात होने के बाद पुलिस को शंका थी कि किसी तरह का हंगामा हो सकता है इसलिए ईदगाह चौकी तथा जवाहर कालोनी स्थित पंकू के घर के बाहर रातभर पुलिस पहरा देती रही। |