ग्वालियर । पिछले कुछ दिनों से शहर का मौसम अजीबोगरीब बना हुआ है। शहर के एक हिस्से में बारिश होती है, तो दूसरे हिस्से में धूप खिली रहती है। मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। उपनगर ग्वालियर में दिन के वक्त जब बूंदाबांदी हो रही थी, तो ठाटीपुर का इलाका सूखा था, जिसकी वजह से मौसम विभाग ने शून्य मिलीमीटर बारिश दर्ज की।
मंगलवार को शहर का मौसम सामान्य ही रहा। शाम होते ही मौसम सुहावना हो उठा, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को निराशा हुई। साथ ही शहर की प्यास बुझाने वाला तिघरा जलाशय भी अभी 6-7 फीट खाली है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। सुबह के वक्त आर्द्रता का प्रतिशत 82 हो गया, जो सामान्य से 3 फीसदी अधिक थी। शाम के वक्त आर्द्रता 82 फीसदी हो गई, जो सामान्य से 12 फीसदी अधिक थी। |